*लीची के बगान में युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी*
समस्तीपुर। जिला के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के मदूदाबाद गांव स्थित लीची के बगान में एक युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मदुदाबाद पंचायत के वार्ड – 9 निवासी राम सुरेश राय के पुत्र अर्जुन कुमार (27) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।इस संबंध में मृतक के भाई सतीश कुमार ने बताया कि अर्जुन गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। बहन की शादी के लिए पिछले महीने ही छुट्टी लेकर घर आया था। 10 दिन बाद 4 जून को शादी थी। शादी के बाद 10 जून को उसे ड्यूटी पर वापस लौटना था। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 9 बजे बिना खाना खाए वह घर से निकला था। जब 11 बजे तक घर नहीं लौटा। तो हमलोगों को चिंता होने लगी। जिसके बाद हमलोग उसे ढूंढने के लिए निकले तो देखा कि घर के पीछे लीची बगान में उसकी लाश पड़ी हुई मिली। उन्होंने आशंका व्यक्त की के उसके भाई का गला दबाकर हत्या की गई है।मृतक के भाई ने यह भी बताया कि उसका किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है।इधर पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद इसकी तहकीकात शुरू कर दी है।
